युवक की मौत की हत्या में रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। हाईवे पर संधावली के निकट मृत मिले युवक के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की मां ने गांव के लोगों पर उसे घर से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की ओर से हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
वहलना निवासी विजय का पुत्र मोहित चार जून को गांव का ही संदीप अपने दो साथियों के साथ घर से बुलाकर ले गया था। अगले दिन हाईवे पर गांव संधावली के निकट मोहित का शव पड़ा मिला था। इसकी जानकारी पूर्व प्रधान अमन ने विजय और उसके परिवार वालों की दी थी, तब परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी शनाख्त की थी। पुलिस ने पीएम कराया तो उसकी मौत का कारण डूबने से होना सामने आया था। तब परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। अब अचानक मामले में नया मोड़ आ गया है। कोतवाली थाने में मृतक की मां मौसम ने गांव के ही युवकों पर मोहित को घर से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि सभी तथ्यों की जांच पड़ताल की जा रही है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।