महिला ने एक मां को बहला-फुसला कर उसका 27 दिन का मासूम बेटा लाखों रुपये में दिल्ली के कारोबारी को बेच दिया। महिला बच्चे की फर्जी नानी और उसकी रिश्तेदार फर्जी मां बनी। पीड़ित मां ने शहर कोतवाली पुलिस ने बेटा दिलवाने की गुहार लगाई, तो पुलिस को इस मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया, जिनमें एक पंडितजी भी शामिल हैं। पुलिस बच्चा बरामद करने के लिए दिल्ली गई है।
पुलिस के मुताबिक रामलीला टिल्ला निवासी युवती की शादी गांधी कॉलोनी में हुई थी, जब वह गर्भवती हुई तो इसी दौरान उसकी किसी बात को लेकर पति से अनबन हो गई, जिसके कारण वह मायके में रहने लगी। इसी दौरान रुड़की रोड निवासी दूर की रिश्तेदार एक महिला पीड़िता के संपर्क में आई। महिला ने पीड़िता से कहा कि वह दूसरी शादी कर ले। बच्चा होने पर दूसरी शादी में रुकावट आएगी, इसलिए जब बच्चा होगा तो वह बच्चे को किसी को गोद दिला देगी।
पीड़िता महिला के जाल में फंस गई। सितंबर माह में उसने एक बेटे को जन्म दिया। बच्चा होने पर महिला ने शहर कोतवाली के पास रहने वाले एक पंडित से संपर्क किया। पंडित ने नईमंडी के एक डॉक्टर से बच्चा गोद लेने की बात की। हालांकि डॉक्टर ने इंकार कर दिया। इसके बाद पंडित ने नई मंडी के एक कारोबारी से संपर्क किया। नईमंडी के कारोबारी ने दिल्ली निवासी अपने नि:संतान रिश्तेदार को यहां बुलवा कर महिला और पंडित से मिलवाया। महिला बच्चे की फर्जी नानी और उसकी रिश्तेदार बच्चे की फर्जी मां बन गई। आरोप है कि महिला और पंडित ने दिल्ली के कारोबारी से लाखो रुपये बच्चा देने के ले लिए।
पांच सितंबर को 10 रुपये के स्टांप पर लिखापढ़ी कर शिवचौक पर मासूम बच्चे को दिल्ली के कारोबारी को सौंप दिया गया। उसी रोज शाम को बेटे की तड़प में पीड़िता मां ने शातिर महिला से अपना बच्चा वापस मांगा, तो शातिर महिला ने उसे जान से मरवाने की धमकी दी। बात बढ़ी तो शातिर महिला ने पीड़ित मां को एक लाख रुपये देकर चुप रहने की धमकी दी। पीड़िता की मां आवास विकास में शेखर खाटियान के घर काम करती है।
उसकी मां ने पूरी बात शेखर को बताई, तब शेखर ने पीड़िता को साथ लेकर शहर कोतवाली आकर पुलिस को बच्चा बेचे जाने की जानकारी दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला, पंडित समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। बच्चा लेने के लिए एक टीम दिल्ली गई है। शहर कोतवाल संजीव शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला, पंडित समेत कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। बच्चा बरामद करने की कार्रवाई जारी है।