व्यापारियों के कार का शीशा तोड़ा
खतौली। जिला बिजनौर के नगीना निवासी कपड़ा व्यापारी संदीप अग्रवाल पुत्र दीपचंद अग्रवाल अपने तीन साथियों राजीव, कुलदीप वर्मा और राकेश शर्मा के साथ अपनी इंडिका कार से रविवार रात करीब दस बजे दिल्ली से वापस बिजनौर लौट रहे थे। खतौली रोड पर गांव खानजहांपुर के पास से निकलते ही आगे दो बाइक पर जा रहे युवकों को कार की साइड लग गई। बाइक सवार युवकों ने व्यापारियों को पकड़ने के लिए कार का पीछा किया। कार नहीं रोकने पर बाइक सवार युवकों ने कार पर डंडा मारकर शीशा तोड़ दिया। कार सड़क किनारे खाई में पलटने से बाल बाल बची। व्यापारी कार को तेजी से दौड़ते हुए बाइक सवार युवकों से जान बचाकर निकल गए। इस घटना की पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।