पुजारी को लगाया 19 हजार से अधिक की चपत
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। जाट कॉलोनी निवासी पुजारी को ऑनलाइन शॉपिंग करना तब भारी पड़ गया, जब संबंधित कंपनी के कर्मचारी ने उससे दो बैंक खातों में 19,400 रुपये जमा कराने के बावजूद सामान नहीं भेजा। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जाट कॉलोनी निवासी अमित शास्त्री ने तहरीर देकर बताया कि वह पूजा-पाठ कराता है। 28 अक्तूबर को उसने एक ऑनलाइन वेबसाइट पर सामान मंगवाने के लिए ऑर्डर बुक किया था। ऑर्डर बुक करते हुस उसकी गाजियाबाद के प्रताप विहार के सेक्टर-11 निवासी गौरव से बात हुई, जिसने अमित शास्त्री को प्रताप विहार की ही शाजिया व राखी के दो बैंक खातों के नंबर देकर उनमें 17 हजार रुपये जमा करने के लिए कहा। पीड़ित के अनुसार, 17 हजार रुपये जमा कराने के बावजूद जब सामान डिलीवर नहीं किया गया तो उसने फिर शाजिया से बात की, जिसने उससे दोबारा 2,400 रुपये बैंक खाते में जमा करा लिए। आरोप है कि इसके बावजूद अब तक न तो आरोपियों ने उसे ऑर्डर का सामान भेजा है और न ही उसकी कॉल रिसीव कर रहे हैं। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
युवक के बैंक खाते से आठ हजार उड़ाए
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के देवपुरम निवासी प्रवेंद्र ने तहरीर देकर बताया कि उसके मोबाइल पर एक युवक ने खुद को बैंककर्मी बताकर कॉल किया और उसे झांसे में लेकर क्रेडिट कार्ड का नंबर ले लिया। आरोप है कि इसके बाद उसके बैंक खाते से 7,999 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुुहार लगाई है।