बुढ़ाना। एक स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा ने शिक्षक पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। पिता की ओर से दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बेटी सोमवार को स्कूल गई थी। स्कूल समय में कमरे में एकांत पाकर एक शिक्षक ने उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने तथा शोर मचाने पर शिक्षक स्कूल से फरार हो गया। छात्रा ने घर आकर घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी। पिता ने स्कूल के प्रधानाचार्या से संपर्क करते हुए घटना से अवगत कराया। सोमवार की रात पुलिस ने अपराध पंजीकृत कर लिया और मंगलवार को पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया गया।