मुजफ्फरनगर। चरथावल क्षेत्र के गांव बाढ़ निवासी जहान सिंह ने नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा संदीप राणा काफी समय से बचन सिंह कॉलोनी में परिवार के साथ किराए पर रहता है। वह भोपा रोड स्थित पेपर मिल में काम करता है। बताया कि संदीप एक अप्रैल को फैक्टरी गया था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी तभी से स्विच ऑफ है। कई दिन तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की तो उसका सिम फैक्टरी के ही एक साथी कर्मचारी के पास मिला। उसने संदीप द्वारा ही सिम देकर जाने की जानकारी दी। परिजनों ने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।