देवबंद (सहारनपुर)। पुलिस ने ट्रक पार्ट्स चोरी होने के मामले में चोर को माल सहित गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी मौका पाकर फरार हो गए।
खेड़ामुगल पुलिस चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मंगलवार की जानकारी मिली कि तीन लोग एक दुकान पर चोरी का सामान बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ उक्त स्थान पर पहुंचे तो सामान बेचने पहुंचे लोग पुलिस को देख वहां से फरार होने लगे। प्रमोद कुमार के मुताबिक पुलिस ने एक चोर को दबोच लिया जबकि दो फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस गिरफ्त में आया चोर बचीटी गांव निवासी इंतजार पुत्र अली हसन है। जिसके पास से पुलिस ने तीन स्टेपनी, ट्रक के तीन टायर, दो बैटरे, दो जैक, दो म्यूजिक सिस्टम बरामद किए हैं। प्रमोद कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व नाफेपुर गांव से दो ट्रकों से चोरी हुआ सामान बरामद हुआ है। फरार चोरों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। उन्होंने यह भी बताया कि फरार हुए दोनों चोर खुद दो ट्रकों के मालिक हैं जो चोरी किया गया सामान अपने ही ट्रक में लादकर ठिकाने लगाते थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर इंतजार को जेल भेज दिया है।