50 हजारी नानू एनकाउंटर की जांच करने पहुंची टीम
मुजफ्फरनगर/पुरकाजी। करीब चार माह पूर्व पुरकाजी के फलौदा कट के पास हुए 50 हजारी रमेश उर्फ नानू के एनकाउंटर मामले में विधि विज्ञान विभाग की आगरा से आई टीम ने स्थानीय फोरेंसिक टीम के साथ पुरकाजी पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। टीम ने बाद में थाने पहुंचकर इनामी की बाइक की भी जांच कर सैंपल आदि लिए।
पुरकाजी पुलिस ने चार जून को हाईवे बाईपास स्थित फलौदा कट पर 50 हजार के इनामी बदमाश देवबंद के जटौली निवासी रमेश उर्फ नानू को मुठभेड़ में मार गिराया था। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ था। पुलिस के अनुसार बदमाश रमेश उर्फ नानू लुटेरा था, जिसके खिलाफ लूट आदि के कई मुकदमे दर्ज थे। शनिवार को आगरा से अशोक यादव के नेतृत्व में आई विधि विज्ञान विभाग की टीम मुख्यालय पहुंची। यहां से टीम ने स्थानीय फोरेंसिक टीम के प्रभारी कृष्णदत्त, कांस्टेबल अमरदीप व सतीश को साथ लिया और पुरकाजी पहुंचकर एनकाउंटर स्थल फलौदा कट पर पहुंचकर मौका-मुआयना किया। वहां से टीम पुरकाजी थाने पहुंची। टीम ने यहां मालखाने में मौजूद इनामी बदमाश के पास से मिली बाइक की भी जांच करते हुए सैंपल आदि लिए। आगरा से आई टीम में अशोक यादव के साथ ही आरएस लोबी, मिथलेश मल्ल और धर्मेंद्र सिंह शामिल रहे, जो जांच के बाद फिलहाल मुख्यालय पर ही रुके हुए हैं।