तीन लुटेरे गैंगस्टर में निरुद्ध
मुजफ्फरनगर। करीब तीन माह पूर्व शहर के साथ ही छपार, तितावी व हाईवे पर पेट्रोल पंप लूटने के साथ ही लूट की ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देने वाले तीनों लुटेरों को पुलिस ने गैंगस्टर में निरुद्ध किया है।
करीब तीन माह पूर्व शहर में एक नए लुटेरे गैंग ने एक के बाद एक ताबड़तोड़ लूट की वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी थी। महज एक माह की अवधि में ही बाइकर्स लुटेरों ने शहर के तीनों थाना क्षेत्रों के साथ ही तितावी व सिखेड़ा में भी राहगीरों से ताबड़तोड़ लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया था। वहीं, छपार में आरोपियों ने एक पेट्रोल पंप पर भी लूटपाट की थी। एक के बाद एक लूट की वारदातों से सकते में आए पुलिस-प्रशासन ने कई टीमों को लुटेरों की तलाश में लगाया था, जिसमें सफलता शहर कोतवाली पुलिस को मिली थी। पुलिस ने तीन लुटेरों निशांत उर्फ नीशू निवासी बर्फखाने वाली गली, सिविल लाइंस, आबिद पुत्र मुश्ताक निवासी खेड़ीकरमू, शामली और नरेंद्र उर्फ मामा निवासी अशोकनगर दिल्ली को गिरफ्तार कर लुटेरे गिरोह का भंडाफोड़ कर तीनों को जेल भेज दिया था। अब शहर कोतवाल इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने उक्त तीनों लुटेरों पर नकेल कसते हुए उन्हें गैंगस्टर में निरुद्ध कर दिया है।
ृ