दहेज के लिए विवाहिता का उत्पीड़न
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र निवासी पीड़िता के पिता ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी की शादी करीब पांच साल पूर्व शहर निवासी एक युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये व कार की मांग को लेकर ससुराल पक्ष विवाहिता का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करता था। इसी दौरान विवाहिता के जेठ ने एक बार उसके साथ दुष्कर्म का भी प्रयास किया था। आरोप है कि इसके अलावा ससुरालियों द्वारा भी उसका उत्पीड़न किया जा रहा है। आरोप है कि तीन दिन पूर्व ससुराल पक्ष ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया, जिसके बाद से वह मायके में ही रह रही है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोपों में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामूली विवाद में महिला को पीटा
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर निवासी अनु राणा ने तहरीर देकर बताया कि उसकी मौहल्ले की ही गुड्डी से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि गुड्डी ने किरणपाल के साथ मिलकर घर में घुसकर अनु के साथ गालीगलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने अनु को मारपीट कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने अनु का मेडिकल कराते हुए तहरीर के आधार पर गुड्डी व किरणपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।