ड्रग्स विभाग की टीम की जिला परिषद में छापेमारी
मुजफ्फरनगर।
ड्रग्स विभाग की सहारनपुर मंडल की टीम ने शनिवार को जिला परिषद मार्केट में छापेमारी करते हुए चार एजेंसियों से दवाओं के नमूने संकलित कर जांच के लिए भेजे। विभागीय छापामारी से जिला परिषद मार्केट में हड़कंप मचा रहा।
ड्रग्स विभाग की सहारनपुर मंडल टीम ने शनिवार को ड्रग्स इंस्पेक्टर मुजफ्फरनगर जेबी सिंह, सहारनपुर ड्रग्स इंस्पेक्टर रमेशचंद यादव व असिस्टेंट कमिश्नर ड्रग्स गुलशन सेतिया के नेतृत्व में जिला परिषद मार्केट में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने अरोड़ा मेडिकल एंड सर्जिकल, अरोड़ा मेडिकोज, दीपिका मेडिकल एजेंसी व एके फार्मा पर छापे मारते हुए चुनिंदा दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। ड्रग्स विभाग की छापेमारी से जिला परिषद मार्केट में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार दुुकानों को बंद कर वहां से गायब हो गए। ड्रग्स इंस्पेक्टर मुजफ्फरनगर जेबी सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान चार एजेंसियों पर सैंपलिंग की गई है, जिसके नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग का चेकिंग अभियान व छापेमारी अभी आगे भी जारी रहेगा।
फैक्ट्री में चोरी का आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर स्थित दिनेश गर्ग की फैक्ट्री में 22 मई की रात चोरी कर ली गई थी। बदमाश फैक्ट्री से लोहे का सामान व अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर ले उड़े थे। नई मंडी पुलिस ने शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान गांव गढ़ी सरवट निवासी आबिद को गिरफ्तार किया, जिसके पास से फैक्ट्री से चोरी की गई लोहे की एक प्लेट भी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी आबिद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।