निकाह का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप
खतौली। युवती ने प्रेम प्रसंग के चलते युवक पर निकाह करने का झांसा देकर पांच साल तक उसके साथ यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर युवक के विरुद्ध कार्रवाई कराने की गुहार लगाई। एसएसपी ने पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती कालेज में नगर के रहने वाले युवक के साथ पढ़ती थी। कालेज के वक्त से ही दोनों में प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। पीड़िता ने एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते उससे निकाह करने का वादा किया था। आरोप है कि अब युवक ने निकाह करने से इंकार कर दिया है। पीड़िता का आरोप है कि युवक पिछले पांच वर्ष से उसके साथ यौन शोषण करता रहा। युवती के परिजनों को प्रेम प्रसंग की जानकारी है, जबकि युवक ने अपने परिजनों से प्रेम प्रसंग की बात नहीं बताई थी। पीड़िता ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने पुलिस को जांच करने के आदेश दिए हैं। पुलिस जांच पड़ताल करने में जुटी है।