डिबेट में मारपीट का मामला लखनऊ तक पहुंचा
मुजफ्फरनगर। एक टीवी चैनल की डिबेट के दौरान पीएम और सीएम पर सवाल करने वाले युवक की कुछ लोगों द्वारा पिटाई करने का मामला लखनऊ तक पहुंच गया। मारपीट की वीडियो वायरल होने पर डीजीपी ने इसका संज्ञान लिया तो पुलिस ने हड़कंप मच गया। पुलिस ने तीन दिन बाद पीड़ित युवक के परिजनों को तलाश कर अज्ञात 20 लोगों के खिलाफ मारपीट की घाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पहले इस मामले को हलके में लेती रही तथा कोई कार्रवाई नहीं की थी।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में छह मार्च को कंपनी बाग में एक टीवी चैनल की ओर से डिबेट कराई गई थी। इस दौरान एक युवक ने पीएम और सीएम पर कटाक्ष करते हुए सवाल किए थे। जिस पर वहां मौजूद कुछ युवकों ने इस युवक को घेरकर जमकर पिटाई की थी। युवक की पिटाई की वीडियो भी बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई थी। तीन तक पुलिस ने इस मामले में जानकारी होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। वीडियो वायरल होने पर पिटाई का यह मामला लखनऊ तक पहुंच गया। डीजीपी ओपी सिंह ने इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने इसकी जानकारी ली। इसके बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस पीड़ित को तलाशने में लग गई। युवक मिला, मगर उसने रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने शुक्रवार को पीड़ित युवक के मामा मौहम्मद इस्तखार पुत्र एजाज अली की ओर से तहरीर लेकर 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओ में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी हरीश भदौरिया ने बताया कि युवक स. मारपीट के प्रकरण में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर वीडियो के माध्यम से आरोपियों को चिंहित करने का कार्य शुरु कर दिया है।