पुरकाजी। कस्बे के एक राजनीतिक घराने में पैतृक संपत्ति का विवाद सड़कों पर आ गया है।
कांग्रेस के पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री सईदुज्जमां ने शुक्रवार को एसडीएम सदर को शिकायतीपत्र देकर बताया कि उनकी कस्बे के मोहल्ला बाजार कलां में बेशकीमती पुराना महल (पैतृक संपत्ति) है। आरोप लगाया कि उनके छोटे भाई कमरूज्जमां विगत योजना में पुरकाजी नगर पंचायत चेयरमैन पद पर थे। उन्होंने अपने पद व रसूख का गलत तरीके से इस्तेमाल करते हुए उक्त पैतृक संपत्ति को अपने नाम पर ही दर्ज करा लिया है। हालांकि, उक्त पैतृक संपत्ति में उनका नाम भी विधिसम्मत तरीके से दर्ज किया जाना चाहिए था। उन्होंने एसडीएम सदर से पूरे मामले की जांच करते हुए उक्त बेशकीमती पैतृक संपत्ति को अपने भाई कमरूज्जमां के साथ ही अपने नाम पर भी दर्ज कराए जाने की मांग की है। मामले में एसडीएम सदर ने नगर पंचायत ईओ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।