युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया
मुजफ्फरनगर। पिछले दस साल से लव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक-युवती के रिश्ते में खटास पड़ गई है। युवक के परिजनों द्वारा उसकी शादी किसी अन्य युवती से तय कर दिए जाने से नाराज प्रेमिका ने युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा डाला। युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह मामला शहर से सटे दो गांवों का है। युवक-युवती के बीच करीब 12 साल से स्कूल-कॉलेज में पढ़ने के समय से ही दोस्ती थी। पिछले दस साल से युवक-युवती पढ़ाई के साथ-साथ एक-दूसरे के साथ पति-पत्नी की तरह लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे, लेकिन अब आकर दोनों के इस रिश्ते में दरार आ गई। दरअसल, युवती ने तहरीर देकर बताया कि दस साल तक पति-पत्नी की तरह रहने के बाद हाल ही में युवक के परिजनों ने उसकी शादी किसी अन्य युवती से तय कर दी है। आरोप है कि शादी तय होने के बाद से ही युवक ने युवती से दूरी बनानी शुरू कर दी और अब तो कई-कई दिन तक उनके बीच बात भी नहीं होती। पीड़ित युवती का कहना है कि बुधवार शाम करीब 7.30 बजे वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उक्त युवक जबरन उसके घर में घुस आया और मुंह बंद कर युवती को एक कमरे में खींच ले गया। आरोप है कि वहां आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़िता आरोपी के भागने के बाद रात में ही थाने पहुंची और युवक के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।