खतौली। रोडवेज बस अड्डे के पास खालिद साइकिल रिपेयरिंग की दुकान करता है। बराबर में ही राशिद की टायरों की दुकान है। सुबह दुकानों की सफाई करने पर कूड़ा करकट को लेकर दोनों दुकानदारों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। जिसमें खालिद घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों दुकानदारों को हिरासत में ले लिया है। गणमान्य नागरिक दोनों दुकानदारों के बीच फैसला कराने में लगे हुए हैं। उधर, मंसूरपुर में शनिवार रात 11 बजे गांव बेहड़ा अस्सा व दूधाहेड़ी के किसान शुगर मिल में गन्ना लेकर आ रहे थे। रेलवे फाटक बंद होने के कारण वहां जाम लग गया। जैसे ही रेलवे फाटक खुला पहले ट्रैक्टर ट्रॉली निकालने को लेकर किसानों में कहासुनी हो गई। इसी बीच दूधाहेड़ी के किसान ने बेहड़ा अस्सा के किसान सचिन पुत्र कालूराम पर डंडे से हमला कर घायल कर दिया। सचिन के सिर व हाथ में चोट आई है। सचिन ने दूधाहेड़ी के किसान रोहित के खिलाफ तहरीर दी है । पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।