चकरोड के विवाद में फायरिंग, एक जख्मी
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के एक गांव में सरकारी चकरोड के विवाद में दो पक्षों में कहासुनी हो गई। एक पक्ष द्वारा की गई फायरिंग से छर्रे लग जाने से एक युवक घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 100 डायल सेवा पुलिस ने घायल को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्राम हरेंटी में किसान वीरेंद्र राठी और मोहित सैनी के खेत आसपास हैं। बुधवार करीब 12 बजे दोनों किसान अपने परिजनों के साथ खेतों पर काम कर रहे थे। इसी दौरान खेतों के बीच में जा रही सरकारी चकरोड को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसमें वीरेंद्र राठी द्वारा की गई फायरिंग से मोहित कुमार घायल हो गया, जिसकी सूचना मिलने पर 100 डायल सेवा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल के पिता सुरेंद्र की तहरीर पर दो सगे भाइयों वीरेंद्र राठी और जगत सिंह राठी के विरुद्ध जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। घटना की सूचना मिलने पर सीओ सदर योगेंद्र सिंह भी थाने पहुंचे और इंस्पेक्टर संजीव कुमार शर्मा के साथ घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ित को आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बरात लाने से इंकार किया
पुरकाजी। जनपद सहारनपुर निवासी लोगों ने थाने पर तहरीर देकर शादी में दहेज मांगने वाले आरोपी परिवार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
जनपद सहारनपुर के थाना देवबंद के ग्राम भनेड़ा निवासी दलित पप्पू की पुत्री का रिश्ता करीब तीन माह पूर्व पुरकाजी थाने के ग्राम भैंसानी निवासी कविंद्र पुत्र बिजेंद्र के साथ हुआ था, जिसकी बरात 19 फरवरी को जानी है। मंगलवार को कविंद्र ने पप्पू को फोन कर शादी में कार और दो लाख दहेज में देने की मांग की। इस पर बुधवार को लड़की पक्ष के लोग ग्राम भैंसानी पहुंचे और लड़के पक्ष के लोगों से बातचीत की। इस दौरान लड़के पक्ष ने बिना कार-नगदी मिले बारात लाने से मना कर दिया। काफी प्रयासों के बावजूद मामला न सुलझने पर लड़की पक्ष के लोग थाने में तहरीर देकर पुलिस से दहेज मांगने वाले आरोपी परिवार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सीओ सदर ने पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए और पीड़ित परिवार को आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस से न्याय की गुहार लगाई
पुरकाजी। इंस्पेक्टर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि वर्ष 2016 नवंबर में पीड़ित पक्ष ने आरोपी दो युवकों के विरुद्ध अपनी पुत्री के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें दोनों जेल गए थे। अभी कुछ दिन पूर्व ही जेल से छूटकर आरोपी आए हैं। मामले की जांच करने पर मालूम हुआ है कि पीड़ित तभी से उन युवकों के परिवार पर पैसा देने का दबाव बना रहा है। उधर, थाने पहुंचे आरोपियों के परिजनों और ग्रामीणों ने थाने पर मौजूद सीओ को बताया कि युवती का परिवार गलत तरीके से दबाव बनाकर हमारे परिवार को परेशान कर रहा है। इससे पूर्व में भी कुछ लोगों पर नाजायज रूप से दबाव बनाकर पैसा वसूल चुका है। सीओ सदर ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान जयसिंह, श्याम सिंह, शिवकुमार, अभिषेक, राजकुमार, ऊषा आदि मौजूद रहे।
53 छात्रों ने छोड़ी परीक्षा
पुरकाजी। दूसरे दिन हुई हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा में 53 छात्रों ने परीक्षा में भाग नहीं लिया। पुरकाजी लाला सुखलाल सनातन धर्म में बनाए परीक्षा केंद्र के परीक्षा प्रभारी धीरज गर्ग ने बताया कि कुल पंजीकृत 422 छात्रों में 414 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया और आठ छात्र गैरहाजिर रहे। इसके अलावा ग्राम फलौदा के राजकुमार इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रविदत्त ने बताया कि कुल पंजीकृत 440 छात्रों में से 395 ने परीक्षा में भाग लिया और 45 छात्र परीक्षा से गैरहाजिर रहे।