मुजफ्फरनगर। कोतवाली पुलिस ने खालापार से युवती के अपहरण के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में पड़ोस की एक महिला सहित पांच लोगों के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस के मुताबिक खालापार निवासी 16 वर्षीया किशोरी विगत दिनों संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। उसके पिता ने पड़ोस के ही पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार को पुलिस ने एक आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
मामूली कहासुनी में युवक को पीटा
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के कूकड़ा निवासी तुषार के साथ कुछ युवकों ने मामूली कहासुनी होने पर मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पीड़ित पिता पुष्पेंद्र राठी ने भरतिया कालोनी निवासी चार युवकों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छुरी सहित दो दबोचे
मुजफ्फरनगर। नईमंडी पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को छुरी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज जेल भेज दिया है। नई मंडी पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से छुरी बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सदाकत उर्फ टोनी निवासी सरवट और शहंशाह निवासी किदवईनगर बताए।
महिला सहित दो घायल
मुजफ्फरनगर। तितावी के गांव जफरपुर निवासी सुरेश पुत्र चंदू गांव में मारपीट में घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा रामलीला टीला निवासी मधु पत्नी अंकुर विवाद में जख्मी हो गई। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मामला में पुलिस को सूचना दी गई है।
विद्युत तार चोरी
मुजफ्फरनगर। गांव पीनना के जंगल से चोरों ने सैकड़ों मीटर विद्युत तार चोरी कर ले गए। विद्युत निगम के जेई नीरज ने कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि बदमाश सैकड़ों मीटर तार चोरी कर ले गए हैं। जिसकी कीमत लाखों रुपये है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
युवक को जेल भेजा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने विवाद कर रहे युवक को पकड़कर जेल भेजा है। मोहल्ला मिमलाना रोड निवासी नूरहसन पुत्र रियासत अस्पताल चौराहे पर अपने चाचा लियाकत से झगड़ रहा था। जिसका शांतिभंग में चालान किया गया है।