किशोरी को अगवा करने का प्रयास
मुजफ्फरनगर। किशोरी के अपहरण का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके पिता के साथ मारपीट की। पिता की ओर से सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी का तीन वर्ष पूर्व इंतकाल हो गया था। आरोप लगाया कि उसका साढू अपने दो पुत्रों के साथ उसके घर आया और उसकी 1पुत्री को जबरन अपने साथ ले जाने लगा। पीड़ित द्वारा विरोध करने पर उक्त लोगों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तेजाब डालने की धमकी
मुजफ्फरनगर। मनचले युवकों ने युवती के साथ सरेराह छेड़छाड़ की। युवती के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसके मोहल्ले के ही तीन युवकों ने उसकी बेटी के साथ सरेराह छेड़छाड़ की। उसके बैग में मोबाइल फोन रख दिया और कहा कि इससे बातें किया करो। ऐसा न करने पर आरोपियों ने उसकी बेटी को तेजाब डालकर झुलसाने की धमकी दी। साथ ही चेतावनी दी कि उसके भाई की हत्या कर दी जाएगी। तहरीर मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवती से छेड़छाड़, भाई को पीटा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी निवासी ने पुलिस को बताया कि मोहल्ले के दो युवक उसकी बहन पर आते-जाते फब्तियां कसते हैं। उसने आरोपियों से ऐसा करने से मना किया, जिस पर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। साथ ही आरोपियों ने उसकी जेब में नगदी भी लूट ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में वृद्ध की मौत
मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड पर बामनहेड़ी के पास किसी वाहन की चपेट में आकर एक वृद्ध की मौत हो गई। शव की पहचान नहीं हो सकी। बामनहेड़ी के चौकीदार ओमवीर ने शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि मार्ग पर वृद्ध का शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर जाकर शव को कब्जे में ले लिया। बाद में उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।