शहर की बेटी की कोलकाता में हत्या
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के खालापार निवासी युवती की ससुराल वालों ने कोलकाता में जिंदा जला कर हत्या कर दी। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के हस्तक्षेप से कोलकोता पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने के लिए हर संभव सहयोग करने की बात कही है।
खालापार में कांग्रेस नेता नौशाद इलाही के आवास पर पत्रकारों को परिजनों ने हत्याकांड की जानकारी दी। मृतका के मामा नौशाद इलाही ने बताया कि उसकी भांजी निलोफर पुत्री स्वर्गीय जाहिद का निकाह 15 नवंबर 2007 को मेरठ के कसबा सिवाल खास निवासी नूर आलम पुत्र मेहर इलाही के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल वाले निलोफर का उत्पीड़ऩ करते रहे। ससुराल वाले इन दिनों कोलकाता में रहते हैं। बताया कि बेटा हमजा और बेटी सारा के जन्म के बाद भी उत्पीड़न जारी रहा। आरोप है कि 16 जुलाई को ससुराल वालों ने कोलकाता में ही निलोफर की जिंदा जला कर हत्या कर दी। पड़ोसी का फोन आने पर परिजनों को हत्या की जानकारी हुई। कोलकाता से शव यहां लाकर दफनाया गया। कोलकाता पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो 24 जुलाई को कांग्रेसियों ने दिल्ली में शांति मार्च निकाला और केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से मिल कर इस बाबत जानकारी दी। उनके हस्तक्षेप से कोलकाता के थाना तिलजना पुलिस ने मृतका के भाई मोहम्मद आदिल की ओर से पति नूर आलम, सास मिजाजन, ननद नबाबन और बहनोई हाजी तौहीद निवासी मुरादनगर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पूर्व सांसद सईदुज्जमां ने बताया कि कोलकाता पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके लिए आला अधिकारियों से मिला जाएगा तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाया जाएगा। इस दौरान सतीश शर्मा, कस्तूरी सिंह स्नेही, शमशाद अहमद, राकेश पुंडीर, शादाब खान, मौहम्मद अरशाद, मुमताज इलाही, साद, शाहनवाज आदि मौजूद रहे।