मोरना। ककरौली पुलिस ने मुठभेड़ में पशु चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से तमंचे और अन्य सामान बरामद हुआ है।
सीओ भोपा राममोहन शर्मा ने बताया कि ककरौली पुलिस बृहस्पतिवार रात गश्त कर रही थी। इस दौरान गांव जटवाड़ा गंगनहर पुल पर गांव ढांसरी की ओर से आ रही गाड़ी को रुकने का इशारा किया। गाड़ी में सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो बदमाश भगने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उनको पकड़ लिया। पूछताछ करने पर पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम मोबीन पुत्र यासीन, गुलसनव्वर पुत्र यासीन निवासीगण मोहददीनपुर, थाना खतौली, सुहैल पुत्र शकील निवासी मोहल्ला मक्कीनगर, खालापार, मुजफ्फरनगर, जुनैद पुत्र मोहम्मद तौहीद निवासी रहमतनगर, निकट छप्परवाली मस्जिद, मुजफ्फरनगर बताए। पकड़े गए चोरों के कब्जे से दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, कारतूस, एक चाकू, एक फरसा, रस्सी मोहरा, बोलेरो मैक्स पिकअप गाड़ी, एक बाइक बरामद हुई है। चोरों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वे थाना ककरौली, जानसठ, तितावी, सिखेड़ा आदि क्षेत्रों व विभिन्न जनपदों में पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर चोरों को जेल भेज दिया।