मंसूरपुर। पुलिस ने कार में लाई जा रही हरियाणा मार्का की भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब पकड़ी है। चालक पुलिस को देखते ही कार छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस को बुधवार सुबह नौ बजे सूचना मिली कि गांव लछेड़ा मार्ग से मंसूरपुर में कार में अवैध शराब लाई जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी की तो चालक शराब से भरी हुई कार को जड़ौदा के जंगल में चलती हुई हालत में छोड़कर फरार हो गया। थोड़ी दूर जाकर कार सड़क के किनारे पलट गई। कार के पलटने से शराब की काफी बोतलें भी टूट गई। बेगराजपुर पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि कार से 2900 अंग्रेजी शराब के पव्वे, 48 शराब की बोतल, 624 टूटे हुए पव्वे तथा 72 टूटी हुई बोतलें बरामद की है। बाजार में पकड़ी गई शराब की कीमत 4.50 लाख रुपये आंकी गई है। कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।