छपार (मुजफ्फरनगर)। चरवाहे का अपहरण कर एक करोड़ की फिरौती मांगने की घटना में फरार चल रहे दो आरोपियों के घर पर पुलिस ने कुर्की नोटिस चस्पा किया है। गत वर्ष सहारनपुर निवासी प्रेमचंद अपने दो साथियों के साथ भेड़ों के साथ गांव ताजपुर के जंगलों में रात में विश्राम कर रहा था। तभी वहां आए आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र बदमाशों ने उसका अपहरण करके एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग कर सनसनी फैला दी थी। बाद में बदमाश प्रेमचंद को बरला के पास छोड़कर फरार हो गए थे। अपहत के भाई ने आधा दर्जन बदमाशों के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें पुलिस चार आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। जबकि सत्तार पुत्र इकराम और लुकमान पुत्र इस्लाम निवासीगण गांव थिथकी थाना देवबंद, जिला सहारनपुर फरार चल रहे है। बरला चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने दोनों आरोपियों के घर कुर्की नोटिस चस्पा कर दिए गए है।