रतनपुरी। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक युवक को दबोचा लिया।
थानाध्यक्ष विरेंद्र कसाना ने बताया कि गांव सठेड़ी गंगनहर पर एसआई सतेंद्र पाल सिंह, एसआई संजय राणा, सिपाही जोगेंद्र नागर एवं सोनू सिंह चेकिंग कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि एक युवक बाइक से सलावा की ओर से आ रहा है। जिसके पास चोरी की बाइक है। पुलिस ने घेराबंदी करके सठेड़ी गंगनहर पुल पर बाइक सवार युवक विजयपाल सिंह पुत्र महेंद्र सिंह वाल्मीकि निवासी गांव कासमपुर खोला, थाना मीरापुर को पकड़ लिया। युवक से बरामद बाइक के कागजात के विषय में पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि उक्त बाइक उसने चार साल पहले चंडीगढ़ के सेक्टर 11 से चोरी की थी। चोरी की बाइक पर आरोपी युवक ने दूसरा रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर तभी से वह इसका प्रयोग कर रहा है। पुलिस द्वारा चेक करने पर बरामद पल्सर बाइक पर लिखा नंबर स्पलेंडर बाइक का निकला। पुलिस ने पकड़े गए चोर को विजयपाल के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया।