करंट लगने से झुलसी बच्ची की मौत
शाहपुर।
गांव पलड़ी में नाना के घर पर करंट लगने से बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
शाहपुर के गांव पलड़ी निवासी हाजी रिजवान के यहां सोमवार को शादी समारोह था। समारोह को लेकर बिजली की सजावट का कार्य किया गया। समारोह होने के बाद बिजली की सजावट उतारी नहीं गई थी और उसमें करंट फैला हुआ था। बुधवार को इन्हीं के रिश्तेदार के यहां गांव अमरपुर में भी विवाह समारोह था। परिवार के सभी लोग समारोह में गए हुए थे । घर पर तीन साल अंशी के अलावा महिलाएं मौजूद थीं। महिलाएं घर के अंदर नमाज पढ़ रही थी। खेलते हुए अंशी ने बिजली का तार पकड़ लिया। बिजली का करंट लगने से अंशी बुरी तरह से झुलस गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद महिलाओं ने बच्ची का शव पड़ा देखा। जिसको लेकर महिलाओं में कोहराम मच गया। महिलाओं ने विवाह समारोह में गए परिवार के लोगों को घटना से अवगत कराया। खबर मिलने परिवार के लोग तुरंत घर पर पहुंचे। बच्ची की मौत को लेकर गांव में भी शोक व्याप्त हो गया था। मृतका के पिता गांव भड़ल निवासी गुलफाम शव को अपने गांव लेकर चले गए।