एडीओ के खाते से धोखाधड़ी करके 72 हजार निकाले
खतौली। मोरना में तैनात भूड़ निवासी एडीओ कोआपरेटिव के पुत्र से एटीएम के बाहर मौजूद युवक ने धोखाधड़ी करके एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद युवक ने बैंक एकाउंट से 72 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। पीड़ित एडीओ ने बैंक में शिकायत दर्ज कराई है।
मोरना क्षेत्र में तैनात एडीओ कोआपरेटिव रामशिरोमणि परिवार सहित खतौली भूड़ पर रहते हैं। सोमवार दोपहर को उनका 16 वर्षीय पुत्र हर्ष कुमार भूड़ स्थित इंडिया कैश के एटीएम से रुपये निकालने गया था। वहां खड़े एक अज्ञात युवक ने हर्ष कुमार से उसका एटीएम खराब होने का बहाना बनाते हुए उसके पिता के नाम का स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम धोखाधड़ी करके बदल दिया। रुपये नहीं निकलने की स्थिति में कुछ देर बाद हर्ष घर लौट आया। इसके बाद मंगलवार की सुबह करीब दस बजे एडीओ कोआपरेटिव राम शिरोमणि के मोबाइल पर दो हजार रुपये निकलने का मेसेज आया। उन्होंने मेसेज बॉक्स को चेक किया, तो देखा कि सोमवार की रात करीब साढे़ नौ बजे उनके इसी एकाउंट से 40 हजार रुपये सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारन क्षेत्र के सिरसली निवासी किसी आबाद पुत्र जफर नाम के युवक के बैंक एकाउंट में ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा रात करीब 12 बजे उनके एकाउंट से 10-10 हजार करके तीन बार में कुल 30 हजार रुपये एटीएम के द्वारा निकाले गए। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे को बदले में दिए गए एटीएम कार्ड को चेक किया, तो वो कार्ड उनका नहीं था। पूछने पर हर्ष कुमार ने एटीएम पर अपने साथ घटी घटना को अपने पिता को बताया। रामशिरोमणि ने अपने बैंक शाखा में संपर्क किया और अपना एटीएम ब्लॉक कराया। पीड़ित ने उक्त धोखाधड़ी के संबंध में बैंक शाखा में अपनी शिकायत दर्ज कराई है।