हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग
मुजफ्फरनगर। ऑल इंडिया धनगर समाज महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष और उनके भाई पर हमला करने के आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर धनगर समाज के लोग एसएसपी से मिले। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह को दिए प्रार्थना पत्र में धनगर समाज महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय धनगर ने कहा कि वह अपने भाई नीरज के साथ बिजनौर गए थे। वहां से लौटते समय जानसठ तहसील में रुके। उन्होंने एसडीएम से मिलकर धनगर समाज के लोगों के अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र बनवाने की मांग की। आरोप है कि तहसीलदार कार्यालय में तैनात एक व्यक्ति ने उन्हें बुला लिया तथा अभद्रता करने लगा। बाद में वे 20-25 लोग इकट्ठा हो गए तथा हाथापाई करने लगे। वह किसी तरह जान बचाकर भागे तो इन लोगों ने उनका पीछा किया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।