कुटेसरा में परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट
चरथावल। नकाबपोश बदमाशों ने कुटेसरा गांव में परिजनों को बंधक बनाकर करीब तीन लाख रुपये के जेवरात और नगदी लूट कर फरार हो गए। बदमाश पेड़ की टहनी के सहारे मकान की ऊपरी मंजिल पर चढ़े थे। सनसनीखेज वारदात से गांव में ग्रामीणों में दहशत है।
कुटेसरा गांव के इब्राहिम पट्टी निवासी इकबाल उर्फ कल्लू के दोनों बेटे महताब और इकराम सऊदी अरब रहते हैं। दोनों बेटों की पत्नियां परिवार सहित इब्राहिम पट्टी मकान में रहती है। जबकि कल्लू गांव के बाहरी छोर पर बने पावटी रोड स्थित मकान पर रहता है। सोमवार रात 12 बजे के बाद नकाबपोश बदमाश ऊपरी मंजिल के रास्ते से मकान में घुसे। पूरा परिवार अपने कमरों को बंद करके सो रहा था। बदमाशों ने ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में बंधी बकरी की पिटाई शुरू कर दी, तो उसकी आवाज पर एक महिला ने बाहर निकल कर देखा। लुटेरों ने उन्हें दबोच लिया और कहा कि बैंक से जो एक लाख रुपये निकाले थे, वह जल्दी दे दो। उसके बाद शोर सुनकर दोनों परिवार की महिलाओं के घर में रखे 94 हजार रुपये और तमाम सोने और चांदी के जेवरात कब्जे में कर लिए। बदमाश तसल्ली से लूटपाट के बाद मकान के मुख्य दरवाजे से निकल गए। सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची। कुटेसरा चौकी के सिपाही भी मंगलवार सुबह को मौके पर गए। घटना के संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बताया गया कि बदमाशों ने लूटपाट करने वाले बदमाशों में कोई परिचित मालूम पड़ता है। दरअसल, बदमाशों को बैंक से रुपये निकालकर लाने की सटीक जानकारी मालूम होना इसी संदेह को पुख्ता कर रहा है। बदमाश मकान में घुसने के लिए जंगल से पापुलर का पेड़ काटकर लाए थे। कड़कड़ाती ठंड और कोहरे भरी रात में बदमाशों ने पेड़ की टहनी के सहारे दुमंजिले मकान में घुसकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस घटना से इंकार कर रही है।