बेची गई युवती का अधेड़ से निकाह
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। गांव गढ़ी में बिहार प्रांत से 25 हजार रुपये में खरीदकर लाई गई युवती का निकाह अधेड़ व्यक्ति से करा दिया गया। युवती ने अधेड़ को देख पुलिस को तीन दिन से बंधक बनाने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर युवती को बंधक मुक्त कराया।
जानसठ क्षेत्र के गांव गढ़ी में तीन दिन पूर्व कुछ लोग बिहार प्रांत से 25 हजार रुपये में 20 वर्षीय युवती को खरीद कर लाए थे, जिसका निकाह उन्होंने एक अधेड़ व्यक्ति से करा दिया। अधेड़ व्यक्ति से निकाह होने का युवती विरोध कर रही थी। युवती ने चुपके से पुलिस को बंधक बनाने की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने गांव में पहुंचकर बिहार की युवती को बंधक मुक्त कराया। बिहार की युवती ने बताया कि उसे बिहार से एक युवक के साथ निकाह करने के लिए लाया गया था। हालांकि यहां लाकर अधेड़ व्यक्ति से उसका निकाह कर दिया। युवती ने उसके साथ रहने से इंकार कर दिया। इंस्पेक्टर राजेंद्र नगर ने बताया कि गांव में बिहार प्रांत की कई महिलाएं हैं। युवती को निकाह के लिए लाया गया था। युवती का फोन आने पर उसे थाने में लाकर पूछताछ की गई। युवती के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वे बिहार से आ रहे हैं। युवती ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।