खतौली। गांव मढ़करीमपुर में हुए जातीय संघर्ष में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गांव मढ़करीमपुर में 22 अगस्त की रात को रास्ते में वैन खड़ी करने को लेकर ठाकुर और दलितों के बीच मामूली कहासुनी के बाद जमकर पथराव हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया था। मगर, पुलिस पर भी पथराव कर दिया गया था। पुलिस ने बमुश्किल दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत किया था। पुलिस ने इस मामले में अपनी ओर से 19 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर दोनों पक्षों से चार लोगों को पकड़ कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में नामजद सन्नी पुत्र आत्माराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि बाकी फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए धरपकड़ जारी है।