खतौली (मुजफ्फरनगर)। जानसठ रोड पर बृहस्पतिवार रात में अज्ञात युवकों ने तेज गति से आ रही एक कार में डंडा मार दिया। जिससे कार का अगला शीशा टूट गया।
धामपुर के रहने वाले शहजाद पुत्र इकराम उसका भाई सलीम, जीजा कदीम, साली फरजाना, पत्नी इकरा व तीन बच्चे कार से बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे के करीब दिल्ली से अपनी रिश्तेदारी से वापस लौट रहे थे। कार को शहजाद चला रहा था। जानसठ रोड पर गांव खानजहांपुर से पहले तीन चार युवक शराब के नशे में सड़क पर डंडे लेकर खड़े हुए थे। इन युवकों ने कार रोकने का इशारा किया। शहजाद ने कार को नहीं रोका तो एक युवक ने कार के अगले शीशे पर डंडा मार दिया। जिससे कार का अगला शीशा टूट गया। इस दौरान कार भी अनियंत्रित हो गई थी और पलटने से बाल बाल बची। जानसठ पहुंचने पर शहजाद ने कार को रोका। कार सवारों ने इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी और वे धामपुर निकल गए।