महिला से चेन लूटी
मुजफ्फरनगर। साकेत कालोनी में गली नंबर चार में शिव मंदिर के पास बाइक सवार बदमाश महिला से सोने की चेन झपट कर ले गए। तेजपाल सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी शिक्षा देवी शिव मंदिर में जा रही थी। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
एटीएम बदलकर नगदी उड़ाई
मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड पर सहारनपुर बस स्टेंड के सामने स्थित पीएनबी के एटीएम में एक युवक का एटीएम कार्ड बदल कर उसके खाते से 25 हजार रुपए निकाल लिए। इस संबंध में सिविल लाइन थाने पर लद्दावाला निवासी योगराज सिंह पुत्र रुड़ामल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आदेश त्यागी बने एसओ छपार
मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने कई निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया है। एसएसपी ने इंस्पेक्टर सुभाष सिंह को सिखेडा से हटा दिया है, उनके स्थान पर उप निरीक्षक मनोज बालियान को कार्यवाहक थाना प्रभारी बनाया है। उप निरीक्षक आदेश त्यागी को स्वाट टीम से कार्यवाहक थाना प्रभारी छपार बनाया है।
सोसायटी वालों ने किया हंगामा
मुजफ्फरनगर। जानसठ बस स्टैंड के पीछे स्थित त्रिपति अपार्टमेंट में रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। जिस पर सोसायटी वालों ने हंगामा करते हुए पुलिस को सूचना दी। यह भी आरोप लगाया कि युवक आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता है और उसके यहां कुछ लोगों का आना जाना रहता है, जो कि पासपोर्ट आदि बनवाने का काम करते हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली तथा आरोपी समेत दो युवकों को अपने साथ ले गई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी।