सरेशाम युवक से 20 हजार लूटे
भोपा (मुजफ्फरनगर)। उत्तराखंड से लौट रहे गांव नन्हेड़ा निवासी बाइक सवार से बसेड़ा-निरगाजनी मार्ग पर चार बदमाशों ने 20 हजार की नकदी व मोबाइल लूट लिया। घटनास्थल छपार का होने के कारण पीड़ित ने छपार थाने में घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा निवासी अंकित ज्वाला रविवार को किसी काम से बाइक पर उत्तराखंड के गांव लिब्बरहेड़ी गया था। वहां से लौटते समय शाम करीब छह बजे जब वह बसेड़ा-निरगाजनी मार्ग पर रजबहे की पटरी पर पहुंचा, वहां पहले से खड़े दो युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बाइक रुकते ही पास के खेत से दो युवक और निकले, जिन्होंने अंकित की कनपटी पर तमंचा रखकर उसे गोली मारने की धमकी दी। आतंकित कर बदमाश उससे 20 हजार की नकदी व मोबाइल लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और लुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। घटनास्थल को लेकर भोपा व छपार थाना पुलिस के बीच सीमा विवाद भी हुआ, लेकिन बाद में घटनास्थल छपार थाने का पाया गया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।