छेड़छाड़ के विवाद में खालापार में संघर्ष
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला खालापार में बृहस्पतिवार शाम छेड़छाड़ को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जबरदस्त पथराव किया गया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेते हुए स्थिति पर काबू पाया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार में एक लड़की को मोहल्ले के ही दो-तीन युवक कई दिन से आते-जाते समय छेड़छाड़ करते हुए परेशान कर रहे थे। कई दिन बीतने के बावजूद युवकों की हरकतें कम नहीं हुईं तो लड़की ने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। इसे लेकर बृहस्पतिवार शाम के समय लड़की पक्ष के लोग आरोपियों के घर जा पहुंचे और छेड़छाड़ की शिकायत की। आरोप है कि इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट के साथ ही जबरदस्त पथराव हुआ। ईंट-पत्थर चलने से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई, जिसकी सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। देर रात तक घटना के संबंध में किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं दी गई थी।