मुजफ्फरनगर (ब्यूरो)। क्षेत्र के एक स्कूल में चपरासी के पद पर तैनात महिला को फोन पर धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की गई है। इंकार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला साकेत कॉलोनी निवासी सुनीता ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि वह विधवा है। चार साल से एक प्राइवेट स्कूल में चपरासी का कार्य कर परिवार का भरण पोषण कर रही है। आरोप है कि रामपुरी निवासी एक युवक भी इसी स्कूल में बस चालक था। जिसे स्कूल प्रबंधन ने किन्हीं कारणों से हटा दिया था। युवक ने छह माह पहले उसका मोबाइल फोन छीन लिया था, जिसकी पुलिस में शिकायत की गई थी। मामले को लेकर आरोपी युवक लगातार उसे ब्लैकमेल कर रहा है। वह उससे 50 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा है। इंकार करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की है।