पांच हजार का इनामी दबोचा
मुजफ्फरनगर/ मीरापुर। रामराज पुलिस ने आधा दर्जन गंभीर अपराधों में वांछित चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश इकबाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वह रामराज के अलावा मुरादाबाद और गाजियाबाद के आपराधिक मामलों में भी वांछित चल रहा था।
पुलिस लाइन में पत्रकारों को एसपी देहात अजय सहदेव ने इस संबंध में जानकारी दी। बताया कि गाजियाबाद जनपद के थाना मसूरी के गांव नाहर निवासी इकबाल उर्फ नन्हें पुत्र इलियास ने छह जून को थाना रामराज के गांव देवल के पास मुख्यमार्ग पर लूटपाट की थी। इस पर जनपद मुरादाबाद के थाना कांठ और थाना कोतवाली गाजियाबाद समेत कई थानों के आधा दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। इकबाल की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी थी। इस पर पांच हजार का इनाम घोषित था। एक सूचना के आधार पर एसओ रामराज आनंद प्रकाश मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ देवल के निकट से इनामी बदमाश इकबाल को गिरफ्तार कर किया। शातिर इकबाल अलग-अलग क्षेत्र में अपराध कर भागने में माहिर था। पुलिस ने इसे जेल भेज दिया है। एसएसपी ने इनामी बदमाश पकड़ने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।