महिला के बैग से सोने के जेवरात चोरी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के भोपा रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट में शॉपिंग के लिए गई महिला के बैग से सोने के कंगन व हार चोरी कर लिया गया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की गांधी कॉलोनी निवासी लोकेश देवी शुक्रवार सुबह शहर के भोपा रोड स्थित मॉल के बेसमेंट में स्थित विशाल मेगा मार्ट में शॉपिंग करने के लिए गई थी। इस दौरान महिला का बैग मेगा मार्ट के काउंटर पर ही जमा करा लिया गया। शॉपिंग के बाद महिला ने काउंटर से बैग वापस लेकर देखा तो उसकी चेन टूटी हुई थी। शक होने पर महिला ने काउंटर पर ही बैग खोलकर देखा तो उसमें रखे सोने के दो कंगन व एक हार गायब मिला। इस पर महिला ने हंगामा करते हुए परिजनों को भी मौके पर बुला लिया। परिजनों की शिकायत पर नई मंडी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और महिला की आपबीती सुनते हुए मेगा मार्ट के दो सिक्योरिटी गार्ड्स को हिरासत में ले लिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।