किसान के सिर में फावड़ा मारा, हालत गंभीर
मोरना। नलकूप मालिक ने खेत में पानी चलाने के विवाद को लेकर अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोसी किसान को जानलेवा हमला करते हुए सिर में फावड़ा मारा। फावड़ा लगने से किसान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। ग्रामीणों और परिजनों ने घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया।
ककरौली क्षेत्र कें गांव जड़वड़ कटिया निवासी किसान अंकित पुत्र महिपाल ने अपने पड़ोसी किसान सचिन की नलकूप से खेतों में पानी चलाने के लिए पानी लिया था। बुधवार की दोपहर को अचानक बिजली के जाने के बाद नलकूप बंद हो गई। इस दौरान किसान अंकित घर वापस आ गया। किसान घर से खाना खाने के बाद बिजली आने पर दोबारा अपने खेतों में पानी चलाने के लिए जंगल पहुुंचा। इस दौरान नलकूप मालिक सचिन नेे किसी दूसरे किसान को नलकूप का पानी चलवाया। इसको लेकर दोनों किसानों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के बाद किसान अंकित घर जाने लगा। इस दौरान सचिन व उसके साथियों ने अंकित पर जानलेवा हमला करते हुए सिर में फावड़ा मार दिया। फावड़ा लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर जा गिरा। इस दौरान सड़क पर गुजर रहे अन्य किसानों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजनों व किसनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने घायल को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों का कहना है कि किसान की हालत चिंताजनक बनी हुई है।