मुजफ्फरनगर। ठगों ने चार लोगों के बैंक खातों से 1.29 लाख की ठगी कर ली। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नुमाइश कैंप निवासी जतिन ने तहरीर देकर बताया कि उसने एक ऑनलाइन साइट से खरीदारी की थी। सामान पसंद नहीं आने पर उसने अपनी धनराशि रिफंड के लिए आवेदन किया था। सोमवार शाम के समय उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले युवक ने उसे खुद को ऑनलाइन साइट से बात करना बताते हुए एक लिंक भेजकर उसे क्लिक करने को कहा। जैसे ही जतिन ने उक्त लिंक पर क्लिप किया, उसके बैंक खाते से 49-49 हजार रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर ली गई और दो हजार रुपये साफ कर दिए गए। उधर, नई मंडी कोतवाली के अवध विहार निवासी रितु ने तहरीर देकर बताया कि उसने अपने बैंक खाते से ऑनलाइन टाटा स्काई रिचार्ज किया था, जो गलती से 14 हजार रुपये अधिक से हो गया। पीड़िता ने कंपनी से बात की तो उन्होंने गूगल पे के माध्यम से रिफंड करने की बात कही। इसके कुछ देर बाद ही रितु के मोबाइल पर कॉल आई और आरोपी ने खुद को गूगल पे से बात करना बताते हुए उसे लिंक भेजने व उस पर क्लिक करने को कहा। पीड़िता ने जैसे ही लिंक पर क्लिप किया, उसके बैंक खाते से भी 15 हजार रुपये उड़ा लिए गए। वहीं, शहर की इंद्रा कॉलोनी निवासी सोनिया शर्मा को कॉल कर शातिरों ने उसे बातों में उलझाकर बैंक खाते की डिटेल ले ली। इसके बाद पीड़िता के बैंक खाते से 5151 रुपये निकाल लिए गए। इनके अलावा, पुरुषार्थी कॉलोनी निवासी राकेश को भी कॉल कर शातिरों ने उससे भी बैंक खाते की डिटेल लेकर नौ हजार रुपये साफ कर दिए। सभी पीड़ितों ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।