मजदूर भेजने के नाम पर 3.20 लाख की ठगी
मीरापुर। जम्मु-कश्मीर के ईंट भट्ठों पर मजदूर भेजने के नाम पर एक व्यक्ति ने तीन लाख 20 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने मीरापुर थाने आकर तहरीर दी। पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है।
हनीफ पुत्र गुलाम मोहम्मद निवासी शरणहाल बटपुरा, जनपद बड़गांव जम्मु-कश्मीर क्षेत्र के ईंट भट्ठों पर लेबर भेजता है। एक सप्ताह पूर्व क्षेत्र के गांव निवासी नाजिम का संपर्क हनीफ से हुआ। भट्ठे पर ईंट बनाने के लिए लेबर भेजने के नाम पर नाजिम ने हनीफ से तीन लाख बीस हजार रुपये एडवांस ले लिए। हनीफ ने बताया कि उसने एक लाख 20 हजार रुपये नाजिम के खाते में तथा दो लाख रुपये नकद दिए थे। इसके बावजूद उसने भट्ठों पर मजदूरों को नहीं भेजा। फोन पर संपर्क करना चाहा तो उसका मोबाइल बंद मिला। बाद में परेशान होकर थाना मीरापुर में नाजिम के विरुद्घ तहरीर दी गई। पुलिस ने इस मामले में पुट्ठी व मीरापुर के भट्टों से छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।