दिनदहाड़े आठ माह का बच्चा अगवा
मुजफ्फरनगर। दिनदहाड़े मोहल्ला रामलीला टिल्ला में घर से आठ माह के बच्चे को रहस्यमय तरीके से घर से अगवा कर लिया गया। देर रात बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया, जिसे उसके मामा ने ही अगवा कर अपनी परिचित महिला की गोद में डाल दिया था। पुलिस ने बच्चे के आरोपी मामा व महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामलीला टिल्ला निवासी बाबूराम की बेटी ममता की शादी करीब पांच साल पूर्व शाहपुर के गांव पलड़ी निवासी शेखर से हुई है। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें तीन साल का आयुष व आठ माह का अवि है। करीब डेढ़ माह से ममता दोनों बच्चों के साथ मायके आई हुई थी, जबकि शेखर भी तीन दिन पूर्व पत्नी-बच्चो से मिलने ससुराल आया था। शनिवार सुबह शेखर घर के अंदर वाले कमरे में लेटा हुआ था, जबकि ममता जीने के नीचे स्थित नल पर बर्तन साफ कर रही थी। ममता का आठ माह का बेटा अवि घर के बाहरी हिस्से में बनी बैठक में बैठा खेल रहा था, जबकि आयुष के साथ ही ममता का छोटा भाई सचिन और भांजे अक्षय, विशेष व प्रिंस भी वहीं खेल रहे थे। वहीं से मासूम अवि संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। बच्चे के लापता होने की सूचना पर सीओ सिटी हरीश सिंह भदौरिया, एसएसआई कोतवाली अक्षय शर्मा व महिला थाना इंस्पेक्टर मीनाक्षी शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर बच्चे की तलाश शुरू कराई। एसपी सिटी सतपाल आंतिल ने बताया कि देर रात बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया जांच में बच्चे को उसके मामा सचिन द्वारा ही चोरी कर अपनी एक परिचित महिला की गोद में डालने की बात सामने आई है। आरोपी मामा व उसकी परिचित महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। बच्चे का मेडिकल कराकर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है।