दिनदहाड़े गेहूं कारोबारी से 55 हजार रुपये लूटे
खतौली (मुजफ्फरनगर)। मीरापुर-खतौली मार्ग पर सरेराह दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर आतंकित करते हुए गेहूं क्रय विक्रय कारोबारी से 55 हजार रुपये की नकदी लूट ली। इस वारदात का विरोध करने पर बदमाशों ने कारोबारी की पत्नी का मुंह भींच डाला। बदमाश धमकी देते हुए गंगधाड़ी गांव के रास्ते से फरार हो गए। पीड़ित कारोबारी ने थाने में घटना की सूचना दी। इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित दंपती से पूछताछ की।
गांव गंगधाड़ी निवासी सुभाष चौहान पुत्र ईश्वर सिंह चौहान गेहूं खरीदने और बेचने का कारोबार करता है। सुभाष चौहान की मीरापुर व खतौली मार्ग पर गांव गंगधाड़ी को जाने वाले रास्ते के मोड़ से पहले ही आटा चक्की भी है। शनिवार को सुभाष चौहान व उसकी पत्नी सरला चौहान आटा चक्की पर मौजूद था। दोपहर करीब एक बजे तीन बदमाश काले रंग की बाइक पर आए। इन बदमाशों ने आटा चक्की से पहले ही सड़क पर अपनी बाइक को रोक ली। इन तीनों में से एक बदमाश कटटे में 20 किलो गेहूं लेकर आटा चक्की पर पहुंचा। बदमाश ने सुभाष चौहान से गेहूं बेचने के लिए तौल कराई। इतने में बाइक सवार अन्य दो बदमाश भी आटा चक्की पर आ गए। इन तीनों बदमाश तमंचों के बल पर आतंकित करते हुए सुभाष से 55 हजार रुपयों से भरा थैला लूट लिया। सुभाष की पत्नी ने विरोध करते हुए शोर मचाने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसका मुंह भींच लिया। इसके बाद बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए गांव गंगधाड़ी के रास्ते से ही बाइक से फरार हो गए। दिनदहाड़े लूट की सूचना से सनसनी फैल गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए थे। पीड़ित सुभाष के मुताबिक उसने घटना की जानकारी देने को डायल 100 नंबर पर फोन करना चाहा, तो फोन नहीं लग सका। इसके बाद सुभाष खुद थाने में पहुंचा। पीड़ित ने थाने में पहुंचकर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटना के संबंध में छानबीन की।
कारोबारी की बदमाश के साथ गुत्थमगुत्था हुई
कारोबारी सुभाष ने बताया कि पहले जो बदमाश आटा चक्की में आया था। उस बदमाश को अपनी बाजुओं में जकड़ लिया था। बदमाश का तमंचा भी सुभाष ने पकड़ लिया था। सुभाष की बदमाश के साथ गुत्थमगुत्था भी हुई, लेकिन पीछे से आए अन्य दोनों बदमाशों ने अपने साथी बदमाश को छुड़ा लिया। सुभाष का कहना है कि तीनों बदमाश शरीर में लंबे और शरीर में भारी भरकम थे। बदमाशों ने अपने चेहरों पर नकाब नहीं ढका हुआ था। बदमाश से गुत्थमगुत्था होने पर सुभाष के हाथ में चोटें भी लगी।
सरेराह दिनदहाड़े घटना को अंजाम दिया
मीरापुर-खतौली मार्ग पर वाहनों की काफी आवाजाही रहती है। इसके बावजूद बदमाशों ने सरेराह दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे डाली। पीड़ित कारोबारी का कहना था कि उसने डायल 100 नंबर पर कई बार फोन लगाया, लेकिन नहीं लग सका। अगर समय रहते 100 नंबर पर कॉल हो जाती तो, बदमाश पकड़े जा सकते थे।
-बदमाशों ने पहले भी हजारों रुपये लूटे थे
गेहूं कारोबारी सुभाष चौहान ने बताया कि दो वर्ष पूर्व भी बदमाशों ने आट चक्की पर धावा बोलकर हजारों रुपयों की नकदी लूट ली थी। उस वक्त भी पुलिस ने बदमाशों को पकडऩे को काफी भागदौड़ की थी, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल सका था। पुलिस आज तक उस लूट की घटना को नहीं खोल सकी है।
आईजी के जाते ही लूट की वारदात को अंजाम
खतौली में आयोजित थाना संपूर्ण समाधान दिवस में आईजी शरद सचान समाधान दिवस की कार्यवाही की जांच पड़ताल करने आए। आईजी के जाने के बाद करीब आधा घंटे बाद ही बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
हड़बड़ाते कारोबारी थाने में पहुंचा
पीड़ित कारोबार सुभाष चौहान लूट की घटना की सूचना देने के लिए थाने में हड़बड़ाते हुए पहुंचा। उस वक्त थाने में संपूर्ण समाधान दिवस चल रहा था। ऑफिस में इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा व तहसील के लेखपाल समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों के निस्तारण को लेकर मंथन करने में लगे थे। सुभाष ने ऑफिस में घुसकर लूट की घटना बताई तो लेखपाल भी हतप्रभ रह गए।