परिजनों से जान का खतरा बताया
मुजफ्फरनगर। शहर के मोहल्ला नवाबगंज पूर्वी से लापता हुई युवती ने सोमवार को पुलिस ऑफिस पहुंचकर खुद को बालिग बताया। साथ ही अपनी मर्जी से प्रेमी संग जाने व उससे शादी करने की जानकारी दी। कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज पूर्वी निवासी व्यक्ति ने कुछ समय पूर्व हरियाणा के पानीपत निवासी युवक और उसके परिजनों पर बेटी के अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से आरोपियों व अपहृत युवती की तलाश कर रही है। सोमवार को युवती अपने प्रेमी संग पुलिस ऑफिस पहुंची। और खुद को बालिग बताते हुए प्रेमी के साथ एक जून को चंडीगढ़ के श्रीराधा कृष्णा मंदिर में शादी कर लेने की जानकारी दी। युवती ने पंजाब चंडीगढ़ हाईकोर्ट से जारी प्रेमी युगल की सुरक्षा से संबंधित आदेश भी अफसरों को देते हुए अपने माता पिता और भाइयों से खुद की और प्रेमी की जान को खतरा जताते हुए सुरक्षा दिए जाने के साथ ही कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसएसपी ने संबंधित थाना पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।