हादसे में महिला की मौत
पुरकाजी। कस्बे में बुधवार देर रात घर से सामान लेने के लिए निकली महिला को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार भी घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजते हुए घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। मूल रूप से जोगावाला खादर निवासी कैस मोहम्मद काफी समय से परिवार समेत कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती में रह रहा है। बुधवार देर रात उसकी पत्नी हबीबा (40) घर से कुछ सामान लेने दुकान पर जाने के लिए निकली थी। जैसे ही वह सड़क पर आई, अचानक वहां पहुंची तेज रफ्तार बाइक ने उसे जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसने कुछ देर बाद मौके पर ही दम तोड़ दिया। उधर, हादसे में बाइक सवार गांव तुगलकपुर निवासी उस्मान भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल उस्मान को अस्पताल में भर्ती कराते हुए महिला के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। देर रात तक पीड़ित परिजन हादसे की तहरीर देने की तैयारी कर रहे थे।