मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव वहलना में बुधवार को भारत गैस सर्विस की तरफ से अधिकृत रूप से छह युवक पहुंचे और घर-घर जाकर गैस कनेक्शनों की जांच करने लगे। इसके लिए गैस सर्विस की तरफ से नियमानुसार प्रत्येक घर से 177 रुपये लेकर उसकी रसीद भी दी गई। इसी बीच कुछ लोगों ने उक्त युवकों को अवैध उगाही करने का आरोप लगाते हुए पकड़ लिया और हंगामा करने लगे। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुुंची और सभी छह युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। यहां पूछताछ के बाद भारत गैस सर्विस के डिस्ट्रीब्यूटर को भी थाने बुला लिया गया, जिसने पूछताछ में सभी छह युवकों के अधिकृत होने की जानकारी दी। एसएसआई अक्षय शर्मा ने बताया कि जांच के बाद सभी युवक भारत गैस सर्विस से ही अधिकृत पाए गए, जो घर-घर जाकर नियमानुसार ही गैस कनेक्शन की जांच कर ग्रामीणों से 177 रुपये ले रहे थे। जांच के बाद सभी युवकों को छोड़ दिया गया है।