पूर्ति विभाग ने टैंकर से तेल के नमूने लेकर जांच की
मंसूरपुर। मंसूरपुर में पकड़े गए टैंकर से तेल के नमूने लेकर पूर्ति विभाग की टीम ने जांच पड़ताल की।
डीएम की अनुमति लेकर पूर्ति विभाग टैंकर चालक सहित आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाने की तैयारी कर रहा है। बता दें कि बुधवार की शाम को एसडीएम खतौली इंद्राकांत द्विवेदी ने एक सूचना के आधार पर मंसूरपुर पुलिस को साथ लेकर नेशनल हाईवे पर शाहपुर मोड़ के पास से एक तेल का टैंकर पकड़ा था। एसडीएम को सूचना मिली थी कि इस टैंकर में मिलावटी मिट्टी का तेल भरा हुआ है। शाम को ही एसडीएम ने पूर्ति विभाग की टीम को मौके पर बुलवा कर जांच के आदेश दिए थे। पूर्ति विभाग की टीम ने तेल के सैंपल लेकर जांच पड़ताल की। सूत्रों के अनुसार टैंकर में लगभग 12 हजार लीटर मिलावटी तेल भरा हुआ है। थाना प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि पूर्ति विभाग की ओर से जिलाधिकारी से अनुमति लेकर मंसूरपुर थाने पर रिपोर्ट लिखवाई जाएगी। पूर्ति विभाग को अभी तक डीएम की ओर से कोई आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं। अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं आई है। एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी का कहना है कि डीएम के आदेश पर मिलावटी तेल के मामले में चालक सहित अन्य आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।