दिल्ली से चोरी फॉरच्यूनर पार्किंग से बरामद
मुजफ्फरनगर। नई दिल्ली के अशोकनगर कोतवाली क्षेत्र से शनिवार सुबह चोरी हुई फॉरच्यूनर पुलिस ने जीपीआरएस के आधार पर शहर के भोपा रोड स्थित पार्किंग से बरामद कर ली। हालांकि कोई आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।
ग्रेटर नोएडा निवासी प्रदीप भाटी की फॉरच्यूनर शनिवार सुबह नई दिल्ली के अशोकनगर कोतवाली क्षेत्र की पार्किंग से चोरी कर ली गई थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कार चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर उसमें लगे जीपीआरएस को एक्टिव किया तो कार की लोकेशन शनिवार देर रात शहर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित पार्किंग में ट्रेस हुई। इस पर रात में ही अशोक नगर थाने के एएसआई सतपाल सिंह टीम के साथ नई मंडी थाने पहुंचे, जहां से टीम के साथ उक्त पार्किंग में छापा मारकर चोरी की गई फॉरच्यूनर को बरामद कर लिया। हालांकि इस दौरान आरोपी हत्थे नहीं चढ़ा। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी की कार को पार्किंग में खड़ा करने वाले आरोपी को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।