बदमाश की निशानदेही पर तमंचा बरामद
रतनपुरी/खतौली (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने तीन माह पूर्व डेयरी से भैंसों को लूटकर ले जाने वाले बदमाश को रिमांड पर उसकी निशानदेही पर तमंचा व कारतूस बरामद किया। इंस्पेक्टर मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि पिछले वर्ष 26 अक्तूबर को रतनपुरी के पूर्व ग्राम प्रधान नरेश कुमार की डेयरी से बदमाशों ने बंधक बनाकर तमंचों के बल पर 18 भैंस और एक बाइक लूटकर ले गए थे। पुलिस ने तीन नवंबर को गांव भनवाड़ा के जंगल में मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जिनके कब्जे से छह भैंस और तीन तमंचे और कारतूस भी बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने भैंस लूट मामले में नफीस पुत्र असगर निवासी खेड़की थाना जानी, जुल्फिकार पुत्र यामीन निवासी खिवाई, थाना सरूरपुर, मेरठ, आबिद पुत्र फरमूद निवासी खिवाई को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उसके कब्जे से दो तमंचे व चार कारतूस और लूट में प्रयुक्त लाठी बरामद कर चुकी है। शुक्रवार को पुलिस ने बदमाश माजिद पुत्र फरमूद निवासी गांव खिवाई, थाना सरुरपुर मेरठ को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर गांव भनवाड़ा के जंगल से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। बदमाश माजिद को सरुरपुर पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस ने बदमाश से पूछताछ भी की है।