खतौली। रोडवेज डिपो की बस में तीन युवकों ने हाईवे पर परिचालक से मारपीट कर लूटपाट की कोशिश की। मेरठ और मुजफ्फरनगर डिपो की बस शनिवार को मुजफ्फरनगर बस अड्डे से मेरठ के लिए चली। बस में अड्डे से तीन युवक सवार हुए थे। इन युवकों ने हाईवे पर नावला कोठी के सामने बस को रोकने के लिए कहा। चालक ने हाईवे पर रास्ते में बस रोकने से मना कर दिया। युवकों ने चालक को गाली गलौच करनी शुरू कर दी। परिचालक गांव पीनना निवासी सूरज ने विरोध किया, तो युवकों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने परिचालक से थैला भी लूटने की कोशिश की। आरोपी युवक जानसठ तिराहे पर बस से कूदकर फरार हो गए। चालक सीधा बस को लेकर थाने के सामने पहुंचा। बस से उतरकर परिचालक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।