मुजफ्फरनगर। मायके में रह रही विवाहिता की घर में घुसकर ससुरालियों ने पिटाई कर दी। एसएसपी ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
शहर कोतवाली के मलीरा निवासी डोली ने बताया कि 22 साल पहले उसकी शादी हुई थी। पति से किसी बात को लेकर चल रही अनबन के कारण वह काफी समय से बेटियों के साथ मायके में गांव मलीरा में रह रही है। आरोप है कि बुधवार दोपहर पति और ससुराल के अन्य लोग आए और जबरदस्ती घर में घुस गए। आरोपियों ने पीड़िता और उसकी विवाहिता बेटी तथा छोटी अविवाहित बेटी की लाठी-डंडों से पिटाई की। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर डायल-100 पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों को बाद में बिना कार्रवाई के छोड़ दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत कप्तान से की। एसएसपी ने शहर कोतवाली पुलिस को मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। उधर, शहर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान युवक को पकड़ लिया। उसके पास से छुरी मिलने पर पुलिस ने चालान कर दिया। पुलिस के अनुसार सोंटा निवासी शुभम से छुरी मिलने पर उसका चालान किया गया है।